Friday, October 26, 2018


तलाश गुमशुदा की 
   बात उन दिनों की है जब मैं दो साल की उम्र में घर से लापता हो गई थी |  मेरा लालन पालन एक हिन्दू संयुक्त परिवार में हुआ था। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में तार घर के पीछे नवाब के हाते में हमारा तीन मंजिला मकान था। हमारे हाते में हिन्दू और मुस्लमान दोनों ही परिवार रहते थे |  त्यौहारों में क्या मज़े की रौनक होती थी। किसी छत पर दिवाली के दिये जल रहें थे  तो कंही ईद मुबारक़ का शोर गूँजता था । कंही मुहर्रम का जलूस निकल रहा था तो कंही रामलीला की झाँकी, कंही बसंत के लिये कपड़ों को पीले रँग से रंगा जा रहा था तो कंही मुहर्रम के लिये हरे रंग से। मज़ा तो तब आता जब धोबी पीले की जगह हरा या फिर हरे की जगह पीला रंग कर देता था। दोनों परिवार बाहर आकर खूब ज़ोर ज़ोर से अपनी गलती दूसरे पर थोपने में लग जाते और धोबी चुपचाप ग़ायब हो जाता था ।
     तारघर के बांयी ओर रिज़र्व बैंक है जहाँ मेरे पिताजी और चाचाजी काम करते थे, और दाईं ओर द्वारिकाधीश का मन्दिर स्थित है। हाते के अंतिम छोर पर एक मस्जिद है जहाँ से अज़ान की आवाज़ पूरे हाते में गूँजती  है। घर में मेरे साथ मेरे भाई बहन और माता पिता के अलावा तीन चाचा-चाची सपरिवार रहते थे। हम सब  पूरे चौबीस बच्चे थे और हर वक्त धमा चौकड़ी मचा रखते थे ।
       बात उन दिनों की है जब मैं दो साल की थी और अभी चल नहीं पाती थी हालाँकि मेरी हम उम्र के दो चचेरे भाइयों ने चलना शुरु कर दिया था वो सब मेरा  मज़ाक उड़ाते थे। मैं सारा दिन शांति से खिड़की पर बैठी  सड़क पर आने जाने वालों की चहल पहल में मग्न रहती थी। सारा दिन गली में कोई ना कोई ठेले वाला आता जाता रहता था।  कोई सब्जी बेच रहा है तो कोई आइसक्रीम। मुझे उनका ऊँचे सुर में गुहार लगाना बड़ा ही मधुर लगता था। कभी कभी खिनी मेवा फालसा बेचने वाला आता तो मम्मी शर्बत बनाने के लिये फालसा ज़रूर लेती थी। मुझे तराज़ू के बाँट बड़े अच्छे लगते थे जी चाहता था कि उनको हांथों से छू कर देखूं की वज़न कैसा नापा जाता है? पर मैं तो चल नहीं पाती थी और किसी ने मुझे चलना सिखाया भी तो नहीं था। मुझे समय पर खाना पीना मिल रहा था सो मेरा शांति से बैठे रहना और ना चल पाना किसी को अखर नहीं रहा था। 
 गर्मियों का मौसम था और दोपहर को भोजन  के बाद आम खाने का दौर चलता  था सुबह पानी की बाल्टी में सबके लिये एक एक दशहरी आम भिगो दिया जाता था। आम को हम सब चूस चूस कर खाते और गुठली स्वाद लेकर चूसते। किसने कितनी अच्छी तरह गुठली साफ़ की उसकी पीठ थपथपाई जाती क्योंकि साफ़ गुठली को बगीचे में बो दिया जाता था। आम खाने का समय आया तब मेरी चचेरी बहन सुरेखा ने सबको आम बाँटे। एक आम बच गया। बचे हुए आम से सबको मालूम हुआ कि घर में एक बच्चा कम है। सबको नाम लेकर पुकारा गया तब पता चला कि नीना ग़ायब  है। सबने कहा, “अरे देखो, खिड़की पर बैठी होगी। “ घर के सारे सदस्य खोज  में जुट गए।
       
लेकिन मेरे पैरों में शायद उसी दिन पंख लग गये।  मैं घर से निकल कर चलते चलते गली में आ पहुँची। मैंने आज़ सब्ज़ी वाले के ठेले पर रखे वज़न को छूने की इच्छा पूरी करने की ठानी। उस इच्छा के आवेग में मैंने कैसे सीढ़िया पार की और गली में आ पहुंची मुझे एहसास भी नहीं हुआ।  लेकिन यह क्या? सब्जी का ठेला तो कंही नज़र ही नहीं आ रहा।  एक बकरी मुर्गी के पीछे भाग रही थी , मुर्गी कुकड़ूं कडूं करती हुई मेरी ओर ही आ रही थी। अरे ! अरे! मैं थोड़ा चल कर पीछे हट गई। चलने पर पैर में कुछ कंकड़ से चुभे तो एहसास हुआ की मेरे  तो पैरों में चप्पल भी नहीं है, तब बरबस ही मेरी आँखों में आँसू आ गए।
अकेली बच्ची को गली में रोते  देख कर एक  लम्बी  सफ़ेद दाढ़ी वाले बुज़ुर्ग मेरी ओर बढ़े मैं थोड़ा डरी। मुझे डरता देख करवो  मुसकराये और बोले ," डरो नहीं बेटा , मैं यहाँ का मौलवी हूँ।  तुम रोना बंद करो। "
उनकी मुस्कान से मेरा डर कुछ कम हुआ लेकिन मेरा रोना बंद नहीं हुआ।
मेरी मम्मी मुसलमानों के मुहल्ले में रहने के बावजूद भी हमेशा उनसे दूर ही रहती थीं। बँटवारे के दौरान उन्होने अपनी आँखों से जो कत्ल-ए-आम देखा था उसकी दहशत अब तक उनके मन में थी। इसी कारण वह मुसलमानों के प्रति उदासीन-सी थीं।अनजान आदमी को अपनी  ओर आते देख क़र मेरा डरना स्वभाविक था 
मौलवी साहब मुझे अपने घर ले गए। मेरा रोना सुनकर मौलवीजी की पत्नी _दौड़कर बाहर आई | उन्होनें हरी ओढ़नी पहनी थी उन्होंने मुझे बड़े प्यार से अपनी गोदी में ले लिया और मेरे आँसू पोंछे फ़िर चम्मच से सेवैयाँ खिलाईं। कुछ देर बाद मौलवी साहब वापस गली में आ गए। उनको समझ में नहीं आ रहा था कि मैं किस घर में रहती हूँ । मोहल्ले में किसी ने मेरा चेहरा पहले नहीं देखा था। इतने में मेरे पिताजी घबराए हुए इधर उधर धूमते हुए दिखाई दिये तब मौलवी साहब ने मुझसे पूछा, “बेटी देखो तो, यह कौन हैं?“ मैं चिल्ला कर पिताजी की ओर भागी। मुझे  अपने पैरों पर खड़ा देख  पिताजी खुशी के मारे यह भी भूल गए कि सारा घर मुझे ढूँढ- ढूँढकर परेशान  है।मौलवी जी ने मुझे पिताजी के पास जाते देखा तो उनकी साँस में साँस आई।  पिताजी मेरी ऊँगली पकड़ कर घर की ओर बढ़े । मुझे देख कर मम्मी बहुत खुश हुईं।  मेरे गुम हो जाने और मुसलमान के घर से बरामद होने के कारण उनका दृष्टिकोण  हमेशा के लिए बदल गया। उस दिन के बाद से मौलवी साहब और उनके परिवार से हमारी दोस्ती हो गई । हर साल ईद के दिन शबाना आंटी सेवैयाँ बना कर भेजती थीं और हर दिवाली में मौलवी जी सपरिवार हमारे घर आते

आज मैं इस घटना के बारे में विचार करती हूँ तो लगता है कि अंग्रेज़ों ने कूटनीति से तो एक बार में एक पाकिस्तान बनाया था लेकिन हम लोग अपने संकुचित दृष्टिकोण और संकीर्ण व्यवहार से अपने चारों तरफ रोज ही और कितने पाकिस्तान बनाते रहते हैं।
Posted by neeshi at 10:20 PM

Sunday, February 18, 2018

 आई है बसंत ऋतु न्यारी 
आई है बसंत ऋतु न्यारी
धानी परिधान पहने मुस्काती धरती प्यारी
फिर क्यूँ उलझाते मन को बीती दुःख स्मृतिओं में
खिल खिल हंस रहा आज पलाश
बीते पल की दुःख व्यथा भूल
कहता कल में ना कर सुख की तलाश
आज में ही हँसता है पलाश
आई है बसंत ऋतु न्यारी
भवरों  ने  भरी उन्मुक्त उड़ान
अपने सपनों को भी दो तुम नई उड़ान
चंचल बयार निड़र , निरन्तर बढ़ती मंजिल कीओर 
अपने ड़र को आज त्याग तुम अग्रसर हो अपनी मंजिल की ओर
आई है बसंत ऋतु न्यारी
मदन की है कैसी माया
अभिसार को आतुर कंचन कामिनी नवयौवना पीत वस्त्र में
जैसे धरती पर फैली हो सरसों
आई है बसंत ऋतु न्यारी
माँ सरस्वती पदमासन पर आरूढ़
सुर कला और ज्ञान की देवी बाँट रही अमृत सबको
भर लो अपना आँचल तुम इस ज्ञान ज्योति से
मिटे तुम्हारे जीवन से  अज्ञान, इर्षा और भेदभाव के सब भाव  
आई है बसंत ऋतु न्यारी 
धरती अपने भाल पर केसर तिलक लगाती
हँस भी देखो मोती चुगते 
नाच रहे बन -बन मोर
कोयल की कूक गूँजती चहुँ ओर
कह रही अन्याय के ख़िलाफ़ दबी पड़ी मौन आवाज़ों को तुम गूँजते स्वर दो 
अन्याय देख मत मौन बन बैठे रहो तुम 
गूँजते स्वर दो उनको 
खिलखिला रहीं तितलियाँ चहुँ ओर
तुम भी रंग लो खुद को मौसम के इस रंग
हँसों खिलखिलाओ बन तितली ,पवन ,भवरे और पलाश के फ़ूलों जैसे आज
आई है बसंत ऋतु न्यारी  
धानी परिधान पहने मुस्काती धरती प्यारी

Saturday, November 18, 2017

मेरे सपने
मुझसे प्यार करते हैं मेरे सपने

मूंदी हुई पलकों के साये में पलते हैं मेरे सपने

परछाईं बनकर मेरा पीछा करते हैं मेरे सपने 

चीर की तरह दिन दिन बढ़ते हैं मेरे सपने 

मेरी बंद मुठ्ठी में से रेत की मानिंद फ़िसल जातें हैं मेरे सपने 

आँचल में पिरोए सितारों से दमकते रहते हैं मेरे सपने 

हर पल मुझे गुदगुदाते हैं मेरे सपने 

रात की तन्हाईओं में करवट लेते हैं मेरे सपने 

इसी आशा में जीती हूँ  मैं  कि  कभी तो सच होंगे मेरे सपने 

मुझसे प्यार करतें हैं मेरे सपने 

क्या कभी सच होते हैं  सपने 

आस ही ना टूटी जिसकी 

वक्त से ना थका जो 

सच हुए सपने उसके

हाँ वक्त के साथ चलते चलते कुछ सच हुए मेरे सपने 

कुछ गुम हुए वक्त के साथ चलते चलते  मेरे सपने 

शुक्राने की रात में हम शुक्राना करतें अपने उन सच हुए सपनों का 

भूला देते हैं उन गुम शुदा फ़िसलते अधूरे सपनों को आज की रात 

क्योंकि आज है शुक्राने की रात 

कल फ़िर एक नई सुबह लेकर आयेगी फ़िर नए सपनों की बारात 

हमें उस सुबह का है इंतज़ार

Monday, October 23, 2017

आई है दिवाली   सदभाना , प्रेम और सहचर्य के दीप जलालो

आई है दीवाली जगमग दीप चहुँ ओर जलाती

कितने ही तो दीप हमने तुमने मिलकर हैं जलाये

आओ मिलकर एक ऐसा दीप जलाएं

दूर करे जो सबके मन से अज्ञानता का अँधेरा

ज्ञान की रौशनी हो इतनी की सबको सत्कर्म के मार्ग पर चलना सिखा दे

आई है दिवाली   सदभाना , प्रेम और सहचर्य के दीप जलालो

आई है दीवाली जगमग दीप चहुँ ओर जलाती

सबने पहने नये परिधान

रानी ने  सलवार कमीज़ और दुपटटे में सूंदर छवि बनाई है

रज़िया के गरारे की साटन मखमल की कुर्ती से सजी है

दीपक समर के कुर्ते पजामे और अचकन की छवि निराली है

पजामे ,सलवार और ग़रारे के नयेगोटेदार हिजारबन्द का तो कहना ही क्या

चारों और ईद , दिवाली मुबारक़बाद के जैसे नारे से गूँज रहें हैं

नये परिधान पहनकर सबके चेहरे बेशकीमती मुस्कान बिखेर रहे हैं

आओ मिलकर कोई ऐसा परिधान बनाए जो विभिन परिधानों का  भेद मिटा दे

हर अर्ध नग्न और नग्नतन को ढक सके

राह चलती हर द्रुपदी का चीर बढ़ा दे

आई है दिवाली   सदभाना , प्रेम और सहचर्य के दीप जलालो

आई है दीवाली जगमग दीप चहुँ ओर जलाती

आई है दिवाली थाल सजा है धूप दीप और चंदन हवा को महका रहे हैं

दूर करे जो वतावरण में बसा प्रदूषण

आओ मिलकर हम ऐसा ही कोई चंदन बनायें आज

आई है दिवाली   सदभाना , प्रेम और सहचर्य के दीप जलालो

आई है दीवाली जगमग दीप चहुँ ओर जलाती

खील,बताशे पकवानों से थाल सजे हैं

आओ मिलकर कोई ऐसा पकवान बनायें मिटा सके सो जग के हर भूखे की भूख़

आई है दिवाली   सदभाना , प्रेम और सहचर्य के दीप जलालो

आई है दीवाली जगमग दीप चहुँ ओर जलाती




 सबको साथ ले लो सफर बनजाएगा सुहाना

ट्रम्प हो या हो हिलेरी
हिलने वाले हम नहीं
अपनी कर्मभूमि पर डटे हुये हैं हम आज भी
डटे रहेंगे कल भी हम
जमे हुये हैं पावँ हमारे अंगद से भी भारी
हिला सका ना रावण जिसको
उन पावों को क्या हिला पायेंगें अब ट्रम्प
रावण तो महा ज्ञानी सूझ ना पाया उसको हल
फिर  टर्म ने अपनी बुद्धि का विस्तार हिलेरी के आँचल के परे नहीं दर्शाया
ऐसे ट्रम्प से क्या डरनाहमको
जो केवल चुनाव जितने के लालच में अपनी सारी शालीनता भूल कर कीचड़ उछाल गये हिलेरी पर
उसका कीचड़ तो जनता ने अपने आंसुओं से धो डाला
ट्रम्प अब जीत कर कौन सी नई हुकूमत खडी करेंगे ?
आओ मिल कर देखे हम
मेहनत करने वाले हाथों को ना देखा कभी भीख मांगते
फिर चिंता हम क्यों करें
न्याय संस्था की नींव पड़ी है गहरी सदिओं की ,उसको दो दिन टिकने वाले क्या हिला पायेंगे
अन्याय के खिलाफ उठने वाली हर आवाज में अपनी इतनी आवाजें हम मिला दें की
वह आवाज  उठे बनकर गूंज चिर दे जो आकाश का सीना भी
अन्याय करने की हिम्मत भी ना जुटा पाये कोई नेता
निज स्वार्थ से उठ जायो परमार्थ की बात करो
अकेले अकेले कहाँ चल दिये
सबको साथ ले लो सफर बनजाएगा सुहाना
मसालों  की जंग 

मसालों ने आपस में घोर जंग छेड़ दिया है।

नमक अपने सफ़ेद रंग पर इतरा रहा है अकड़ अकड़ कर सबको दूर भगा रहा है

हल्दी के पीलेपन से घबड़ा रहा है

काली मिर्ची की कालिमा को देख गुर्रा रहा है

लाल मिर्च की लालिमा से द्वेष में जल रहा है

अपना ही अस्तित्व बचाने ही होड़ में सब लड़ पड़े हैं 

मसालों ने आपस में घोर जंग छेड़ दिया है

द्वार पर बैठा अतिथि इस जंग से चिँतित सोच रहा है

यह तो आज उपवास का ही अन्देशा लग रहा है

चतुर गृहिणी पाक घर के शासन की बागडोर को संभालने को सुयोग्य है

मसालों के रोज़ रोज़ के इस जंग से त्रस्त्र हो रही है

सबको सबक सिखाने की ठान रही है

कहती है 

रंग भेद की जंग जो तुमने छेड़ी है आज अनजान नहीं हूँ मेँ उससे

रंग भेद की जंग तो सदियों से चली आ रही है

इसका तो अब अंत मैँ अपने ही पाक गृह में आज कर दूँगी

चेतावनी है तुम सबको बंद कर दो यह सदिओं का झगड़ा आज

क्योंकि झगड़े से आज तक जीता नहीं कोई

कितने ही सिकन्दर आये

कितने ही हिटलर दफ़न हुऐ 

 दुश्मन के नाम अनेक हैं मकसद वो ही पुराना

अपने ही घर में दहशत फैलाना

मुझको अपने पाक गृह में यह झगड़ा आज ही निपटाना है

चेतावनी है तुम सबको बंद कर दो यह सदिओं का झगड़ा आज

वरना खौलते हुऐ तेल में, उबलते पानी में किसका रंग, किसका आस्तित्व कब और कितना नष्ट हो जाये

इस बात की जानकारी मुझे भी नहीं है

क्योंकि रक्षक बन कर या ताकतवर बनकर जो वार तुम आज अपने सामने वाले पर कर रहे हो

उसकी ओर से एक दिन तीन वार तुमपर भी होने निश्चित हैं

क्योंकि प्रकृति अपना सन्तुलन खुद ढूँढ लेती है

हिंसा की प्रतिध्वनि हिंसा ही होगी

अपना अस्तित्व और उतपत्ती को कभी ना भूलना 

सब रंगो के मिलने से ही एक सफ़ेद किरण की उत्पत्ति होती है 

फ़िर सफ़ेद रंग अपने ही उदभाव को कैसे भूल  कर अकड़ दिखा रहा है 

अकड़ तो रावण की भी नहीं रही 

फिर तुम  रंगो की क्या बिसात

हमेशा याद रखो 

अपना अस्तित्व और उतपत्ती को कभी ना भूलना 

जिस मेल मिलाप से तुम्हारी उत्पत्ति हुई है वही मेल मिलाप  तुम्हारे लिये ज़रूरी है

फिर क्यों नहीं लेते तुम प्यार से काम

प्यार प्रेम और मेलजोल ही तुम्हारा अस्तित्व बचाने का एकमात्र रास्ता है 

मसालों ने आपस में घोर जंग छेड़ दिया है।